बच्चों के लिए बाज़ार में तरह तरह के फैन्सी कपड़े मिलते हैं लेकिन नवजात शिशु को हमेशा ऐसे कपड़े पहनाने चाहिए जो उसकी नाप के होने के साथ साथ आरामदायक भी हों और कपड़े बदलते समय बच्चे के शरीर में खिंचाव न पड़े. आज आपको देंगे इस बात पर कुछ टिप्स कि नवजात शिशुओं के कपड़े किस तरह के होने चाहिए.
नवजात शिशु के लिए गर्मी के कपड़े
- गर्मी के मौसम में शिशु को ठंडक देने वाले सूती कपड़े ही पहनायें. सिंथेटिक कपड़े गर्माहट को अंदर ही रोक लेते हैं और शिशु की त्वचा पर पसीना आने लगता है.
- शिशु को कहीं बाहर ले जा रहे हैं तो उसे पूरी बाजू के हल्के कपड़े पहनायें और धूप से बचाने के लिए टोपी या हैट पहनायें. टोपी रिंग वाली हो जो बच्चे के सर पर आसानी से फिट आ जाए.
- घर पर रहते हुए डायपर का इस्तेमाल ना करें और इसकी जगह सूती नैपी पहनाएं. कपड़े की नैपी शिशु के लिए ज्यादा आरामदायक होती है और डायपर से होने वाली रैशेज से भी बचाती है.
- इसके साथ ही तीन चार पतले सूती कपड़े के गद्दे भी बनायें जिसे बच्चे के बार-बार गीला करने पर बदला जा सके.
- शिशु के कपड़े सामने से बटन वाले हों क्योकि ऐसे कपड़े पहनने व निकालने में आसान होते हैं और उसे परेशानी नहीं होती है.
- शिशुओं के लिए हमेशा नर्म व आरामदायक कपड़ोंं का ही चुनाव करें और कढ़ाई वाले कपड़े न पहनाएं जो अंदर से चुभते हैं.
- शिशुओं के कपड़े खरीदते समय ध्यान रखें कि उनमें चेन या कोई फैंसी फ्लावर पिन इत्यादि न लगा हो. यह चेन या पिन बच्चे को चुभ सकती है.
नवजात शिशु के लिए सर्दियों के मौसम के कपड़े
- नवजात शिशुओं के सर्दियों के कपड़े लेते समय ध्यान रखें कि कपड़े गर्म लेकिन मुलायम और आरामदायक हों. इनमें कोई टैग न लगा हो क्योंकि टैग बच्चे को चुभ सकता है.
- सर्दियों में सबसे ज्यादा ठण्ड बच्चे के खुले हाथ, पैर और सर पर लगती है और इससे बच्चे जल्दी बीमार पड़ जाते हैं. इसके लिए उन्हें मोजे और दस्ताने पहनायें और सर को हमेशा टोपी से ढके रहें.
- कई बार ऊनी कपडों से बच्चों को एलर्जी होने लगती है जिससे उनके शरीर पर रैशेज तक पड़ जाते हैं इसलिए बच्चे को गरम कपडे बाहरी तापमान के अनुसार ही पहनायें.
- शिशुओ को ज्यादा मोटे और भारी तथा ज्यादा ढीले कपड़े भी न पहनायें जो शिशु के कद के अनुरूप न हों. लोअर में कसा हुआ इलास्टिक न हो; इसका विशेष ध्यान रखें.
- नवजात शिशुओं के लिए ऐसे कपड़े चुनने चाहिए जिसमें उन्हें बार बार नैपी पहनाने और उतारने में दिक्कत ना हो.
- नवजात शिशु बहुत तेजी से बढ़ते हैं इसलिए आप उनके साइज़ से थोडा सा बड़ा कपड़ा ख़रीदें ताकि कुछ समय तक वह उपयोग में आ सके. साथ ही आप जरुरत के हिसाब से ही कपड़े ख़रीदें.